September 4, 2026

तखतपुर में दर्दनाक हादसा: घोंघा नदी में बहे तीन बच्चे, एक का शव बरामद, दो की तलाश जारी

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने नदी में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं दो अन्य बच्चों की तलाश अभी जारी है।

नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आए

जानकारी के मुताबिक, ग्राम समडील निवासी तीन बच्चे शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और बह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

एक बच्चे का शव बरामद

कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। वहीं दो अन्य बच्चों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और ग्रामीण लगातार नदी में उनकी तलाश कर रहे हैं।

नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों ग्राम पंचायत समडील के निवासी बताए गए हैं।

गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

अब एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन को और तेज किए जाने की उम्मीद है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे। नदी में उस समय पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम जल्द ही गांव पहुंचेगी और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता दोनों बच्चों की तलाश की जाएगी।