तखतपुर: Takhatpur अनुविभाग के सकरी क्षेत्र में इन दिनों अवैध प्लॉटिंग का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। लोखंडी, घुरू अमेरी, सैदा, मेंड्रा, हाफा और पांड़ समेत आसपास के गांवों में भू-माफिया कृषि भूमि को छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटकर धड़ल्ले से प्लॉटिंग कर रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के इन प्लॉटों की रजिस्ट्रियां भी कराई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरा खेल टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNC) और रेरा जैसे जरूरी नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।
प्रशासन एक्शन मोड में
बढ़ती अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। एसडीएम नितिन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध प्लॉटिंग में शामिल आधा दर्जन से अधिक खसरों में खरीदी-बिक्री और नामांतरण की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगा दी गई है। साथ ही राजस्व विभाग की टीमों को लगातार निगरानी और चिन्हांकन के निर्देश दिए गए हैं।
SDM की दो टूक चेतावनी
एसडीएम ने साफ कहा है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इस गतिविधि में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद इलाके में सक्रिय भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।





