July 29, 2026

तखतपुर में पीएम आवास योजना पर बड़ी कार्रवाई, 455 हितग्राहियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम

तखतपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि लेकर वर्षों से मकान निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों पर नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने 455 हितग्राहियों को अंतिम नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर निर्माण शुरू करने या पूरी राशि वापस जमा करने का अल्टीमेटम दिया है।

करोड़ों की राशि फंसी

जानकारी के अनुसार वर्ष 2020-22 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में लगभग 55 से 56 हजार रुपये जारी किए गए थे। लेकिन चार से पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी कई हितग्राहियों ने न तो निर्माण कार्य शुरू किया और न ही राशि लौटाई।

इसके चलते करीब ढाई करोड़ रुपये से अधिक की सरकारी राशि अटकी हुई है।

एक हितग्राही ने लौटाई राशि

नोटिस जारी होने के बाद एक हितग्राही ने पूरी राशि वापस जमा कर दी है, जबकि दो अन्य ने किस्तों में भुगतान करने की अनुमति मांगी है।

24 घंटे का अल्टीमेटम

मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि शासन की राशि लेकर आवास निर्माण नहीं करने वालों पर अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं करने या राशि वापस नहीं करने पर संबंधित मामलों में एसडीएम कोर्ट में रिकवरी प्रकरण दर्ज किया जाएगा और एफआईआर की कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

नगर पालिका प्रशासन ने कहा है कि योजना का लाभ लेकर कार्य नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।