बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र स्थित खपरी के शिवायम राइस मिल में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राइस मिल में धान लोडिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक एलिवेटर का टीन फट गया, जिससे मजदूर राकेश केवट धान के ढेर में दब गया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक वह वहीं फंसा रहा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस हादसे में एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेक पांडेय और नायब तहसीलदार रोशनी कंवर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।





