तखतपुर में शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों की लापरवाही पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम नितिन तिवारी के औचक निरीक्षण में विभिन्न विभागों के 35 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब तलब किया गया है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम नितिन तिवारी ने एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत और नगर पालिका कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी बिना अनुमति कार्यालय से नदारद मिले।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी और बायोमैट्रिक रिकॉर्ड की जांच में भी कई अनियमितताएं सामने आईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार लगातार सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दे रही है, लेकिन इसके बावजूद कई दफ्तरों में लापरवाही जारी है।
बायोमैट्रिक व्यवस्था लागू होने के बाद भी कर्मचारियों द्वारा मनमाने तरीके से उपस्थिति दर्ज कराने की शिकायतें सामने आई हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है कि नियमित रूप से कार्यालय नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों की उपस्थिति और वेतन का सत्यापन किस आधार पर किया जा रहा था।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





