July 31, 2026

तखतपुर के श्री गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में भीषण आग, लाखों का नुकसान; फायर ब्रिगेड की देरी पर भड़के लोग

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित प्रसिद्ध श्री गणेश कॉफी एंड स्वीट्स में शुक्रवार को भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले सब कुछ जलकर राख

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक होटल का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और खाद्य सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी। आग से होटल संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थायी फायर ब्रिगेड नहीं होने पर लोगों में नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि तखतपुर में स्थायी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था होती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।

दो साल बाद भी पूरी नहीं हुई घोषणा

स्थानीय लोगों ने याद दिलाया कि करीब दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री ने तखतपुर में फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी। हर आगजनी की घटना के बाद यह मुद्दा उठता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उठे सवाल

घटना के बाद लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने जल्द से जल्द तखतपुर में स्थायी फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग की है।