चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। टीवीके (TVK) की ओर से विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग उठाए जाने के बाद सहयोगी कांग्रेस के साथ खींचतान की खबरें सामने आईं। इसी बीच तमिलनाडु कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट ने बड़ा दावा किया है।
कांग्रेस विधायक दल की नेता थाराहाई कुथबर्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गठबंधन की ओर से राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है और वह इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने दोनों दलों के बीच किसी तरह के मतभेद की खबरों को भी खारिज किया।
विजय के नाम की चर्चा को बताया स्थानीय स्तर की मांग
कुथबर्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री पद के लिए विजय के नाम की जो चर्चा स्थानीय स्तर पर हो रही है, वह कांग्रेस या गठबंधन का आधिकारिक रुख नहीं है। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह से जोड़ते हुए कहा कि यह कार्यकर्ताओं की ओर से की जा रही मांग है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विजय ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर चुना है और गठबंधन इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सर्वे के बाद बढ़ी सियासी हलचल
दरअसल, एक सर्वे में प्रधानमंत्री पद के लिए पसंद के तौर पर विजय को तीसरे स्थान पर बताया गया था। इसके बाद TVK की ओर से विजय को इस पद के लिए आगे बढ़ाने की मांग उठी। इसी को लेकर कांग्रेस और TVK के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
कांग्रेस पहले से राहुल गांधी को देश के अगले प्रधानमंत्री के तौर पर पेश करती रही है। ऐसे में तमिलनाडु में विजय के नाम को लेकर उठी मांग ने गठबंधन की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।





