May 18, 2026

तमनार घटना: महिला पुलिसकर्मी से बदसलूकी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र में गारे–पेलमा सेक्टर–1 कोयला खदान के विरोध के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, बदसलूकी और अमानवीय व्यवहार के गंभीर मामले में पुलिस ने दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जानकारी के मुताबिक, गारे–पेलमा सेक्टर–1 कोयला खदान के विरोध में 12 दिसंबर 2025 से ग्रामीणों द्वारा सीएचपी चौक, लिबरा में आर्थिक नाकेबंदी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। 27 दिसंबर को जब पुलिस और प्रशासन की टीम मार्ग बहाल कराने पहुंची, तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया, जिसमें कई जवान घायल हुए।

इसी दौरान भीड़ ने एक महिला थानेदार पर हमला कर उनकी पिटाई की। वहीं एक महिला आरक्षक, जो खुद को बचाने के लिए भाग रही थी, उसे खेत में पकड़कर मारपीट, बदसलूकी और अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।

मामले में थाना तमनार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत कुल 16 अपराध दर्ज किए गए हैं। जांच के दौरान सात आरोपियों की पहचान कर उन्हें पहले ही जेल भेजा जा चुका था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी द्वारा विशेष जांच की जा रही थी। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर वीडियो बनाने वाले आरोपी की पहचान संजय मेहर (निवासी बिजना, तमनार) के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में संजय मेहर ने बताया कि उसने वीडियो अपने साथी माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी (निवासी नागरमुडा) को भेजा था। माधव गुप्ता, जो पेशे से टीवी मैकेनिक है, ने वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार आरोपी:

  • संजय मेहर (26 वर्ष), निवासी ग्राम बिजना, थाना तमनार
  • माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी (40 वर्ष), निवासी ग्राम नागरमुडा, थाना तमनार