May 14, 2026

TCS नासिक बीपीओ विवाद में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी निदा खान सस्पेंड; कोर्ट में जमानत पर सुनवाई

नासिक। देश की जानी-मानी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के नासिक बीपीओ में सामने आए कथित धर्मांतरण और यौन शोषण मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। विवादों के केंद्र में रहीं मुख्य आरोपी निदा खान को कंपनी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

कंपनी द्वारा जारी सस्पेंशन लेटर के अनुसार, निदा खान फिलहाल पुलिस या न्यायिक हिरासत में हैं और ऐसी स्थिति में वह अपने कार्य दायित्वों का निर्वहन करने में सक्षम नहीं हैं। इसी आधार पर उन्हें तुरंत प्रभाव से निलंबित किया गया है और TCS नेटवर्क तक उनकी पहुंच भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

आदेश में कंपनी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी गंभीर कानूनी या आपराधिक स्थिति में इस तरह की कार्रवाई आवश्यक है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान वह किसी भी कर्मचारी से इस मामले पर संपर्क नहीं करें। आदेश का उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Aaaa

कोर्ट में जमानत पर सुनवाई

इस बीच, निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका पर आज अदालत में सुनवाई होनी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पर कानूनी हलकों में भी निगाहें टिकी हुई हैं।

महिला आयोग की जांच जारी

वहीं महिला आयोग की सत्यशोधन समिति इस मामले की जांच में जुटी हुई है और आज जांच का तीसरा दिन है। समिति आरोपों की सत्यता, कार्यस्थल की परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है।

यह मामला कॉर्पोरेट जगत में कार्यस्थल सुरक्षा और अनुशासन को लेकर गंभीर बहस का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में कोर्ट के फैसले और जांच रिपोर्ट से इस मामले की दिशा स्पष्ट होने की संभावना है।