रायपुर। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, ब्लॉक धरसीवां के पदाधिकारियों और शिक्षक प्रतिनिधियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) धरसीवां अमित तिवारी से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों को फॉर्म-16 संकुल समन्वयकों के माध्यम से उपलब्ध कराने, शिक्षक आईडी कार्ड निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने, जनगणना कार्य में संलग्न शिक्षकों को नियमानुसार अर्जित अवकाश की सुविधा देने तथा वीएसके ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के निराकरण की मांग प्रमुखता से उठाई।
इस दौरान फेडरेशन के पदाधिकारियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमित तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से जीपीएफ पासबुक, सेवा पुस्तिका संधारण एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन सुगमता से हो सका, जिससे धरसीवां विकासखंड के हजारों शिक्षकों को लाभ मिला है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी अमित तिवारी एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप शर्मा ने शिक्षकों की सभी मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विभाग और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
फेडरेशन पदाधिकारियों ने बीईओ के सकारात्मक दृष्टिकोण, सहज व्यवहार और शिक्षकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। उनका कहना है कि प्रशासन और शिक्षकों के बीच सतत संवाद से शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष लखेश्वर वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी शिवपूजन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रकांत कन्नौजे, जिला उपाध्यक्ष विनय कुमार बंजारे, ब्लॉक सचिव तोरण दास रात्रे, संयोजक सुरेश मिरझा, कोषाध्यक्ष केवल राम साहू, तिलक राम ध्रुव, भुवनेश्वर ध्रुव, लोमस कुमार साहू सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
फेडरेशन ने उम्मीद जताई है कि विभाग शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे शिक्षकों को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन में और अधिक सुविधा मिल सकेगी।





