रायपुर। पंडवानी की महान लोकगायिका स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए रायपुर में आयोजित सांगीतिक कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तीजन बाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए लोककला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम में मंत्री ने पंडवानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों के लिए स्व. तीजन बाई राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति मंत्री ने तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा। साथ ही उन्होंने तीजन बाई के पैतृक गांव गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित करने की घोषणा की, ताकि उनकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा सके और नई पीढ़ी उससे प्रेरणा ले सके।
घासीदास संग्रहालय में प्रदर्शित होगा ऐतिहासिक तंबूरा
संस्कृति मंत्री ने बताया कि तीजन बाई द्वारा वर्षों तक उपयोग किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब घासीदास संग्रहालय में संरक्षित और प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग उनकी स्मृतियों, कला और योगदान को सहेजने तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के कलाकारों, साहित्यकारों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भी उपस्थित होकर स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।





