खैरागढ़। जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका। युवक की तलाश के लिए दुर्ग से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम बुलाई गई है।
जानकारी के अनुसार, छुईखदान के तीन युवक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों जलाशय में नहाने उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों डूबने लगे।
हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि लक्ष्य पाल (17 वर्ष), पिता संजय पाल गहरे पानी में समा गया और फिर बाहर नहीं निकल सका।
स्थानीय गोताखोरों को नहीं मिली सफलता
घटना के बाद दोनों युवकों ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार जलाशय की अधिक गहराई और पानी में कम दृश्यता के कारण तलाश अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए दुर्ग से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है, जो गुरुवार को विशेष उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी और सावधानी बरतने की अपील के बावजूद लोग गहरे पानी में उतरने का जोखिम उठा रहे हैं, जिससे ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।
घटना के बाद किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है।





