Hyderabad। तेलंगाना में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री Revanth Reddy के सामने बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों ने शुक्रवार को आत्मसमर्पण कर दिया। अलग-अलग स्तर के कुल 130 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के 3 स्टेट कमेटी मेंबर, 1 रीजनल कमेटी मेंबर, 10 डिवीजनल/डीवाईसीएम स्तर के कैडर, 40 एरिया कमेटी मेंबर और करीब 70 पार्टी मेंबर शामिल बताए जा रहे हैं।
बस्तर मूल के कई माओवादी शामिल
जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में बड़ी संख्या Bastar क्षेत्र से जुड़े माओवादी हैं। इनमें PLGA बटालियन में सक्रिय 42, Communist Party of India (Maoist) की Telangana State Committee से जुड़े 30, Dandakaranya स्पेशल जोनल कमेटी के 32, 2nd सीआरसी के 16 और केंद्रीय समिति सदस्य Devji की टीम से जुड़े 10 माओवादी शामिल हैं।
4.18 करोड़ रुपए का था इनाम
आत्मसमर्पण करने वाले इन माओवादियों पर कुल 4 करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। समर्पण के दौरान माओवादियों ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी मात्रा में हथियार और युद्ध सामग्री भी सौंप दी।
बरामद हथियारों में 1 इंसास एलएमजी, 21 AK-47, 21 इंसास रायफल, 20 एसएलआर, 18 .303 रायफल, 1 नौ एमएम कार्बाइन, 2 नौ एमएम पिस्टल, 2 आठ एमएम बोल्ट-एक्शन रायफल, 18 कंट्री मेड गन और 2 बीजीएल शामिल हैं।
सुरक्षा बलों के लगातार दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति के चलते माओवादी कैडरों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। बड़ी संख्या में हुए इस सामूहिक समर्पण को सुरक्षा एजेंसियां माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका मान रही हैं।
सरकार का कहना है कि जो भी उग्रवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनके लिए पुनर्वास और नई शुरुआत के सभी रास्ते खुले हैं।





