July 23, 2026

तेलंगाना में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से माओवादियों का विस्फोटक डंप बरामद

जगदलपुर। तेलंगाना के मुलुगु जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटक डंप बरामद किया है। खुफिया सूचना के आधार पर वाजेडू थाना क्षेत्र के पामुनुरु गांव के उत्तर स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में संयुक्त अभियान चलाया गया, जहां से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और माओवादी उपयोग के सामान जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए।

खुफिया इनपुट पर चला संयुक्त ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे 39वीं बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 8:30 बजे संदिग्ध स्थान पर छिपाए गए माओवादी डंप का पता लगाया गया।

हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद

सुरक्षाबलों ने डंप से 2 भरमार राइफल, 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 12 वोल्ट बैटरी सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री का उपयोग सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और आईईडी विस्फोट की घटनाओं में किया जा सकता था।

विस्फोटक किया गया निष्क्रिय

बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और सभी जवान सुरक्षित अपने बेस कैंप लौट आए।

माओवादियों पर लगातार दबाव

सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई से माओवादी संगठनों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे जंगलों में संयुक्त अभियान लगातार जारी हैं, जिससे माओवादियों के हथियार और लॉजिस्टिक नेटवर्क को कमजोर करने में सफलता मिल रही है।