July 29, 2026

तेंदूपत्ता से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, 80 बोरा जलकर खाक, बड़ा हादसा टला

भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सेमरापारा के पास तेंदूपत्ता लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रॉली में लदे करीब 80 बोरा तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गए। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली भीरागांव समिति के ग्राम घोठा फड़ से तेंदूपत्ता लेकर भानुप्रतापपुर स्थित स्थायी गोदाम जा रही थी। इसी दौरान सेमरापारा के पास ट्रॉली बिजली के नीचे से गुजर रहे घरेलू तार की चपेट में आ गई, जिससे उसमें आग लग गई।

आग लगते ही चालक हरेंद्र उइके ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। चालक की सूझबूझ से बड़ा नुकसान होने से बच गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें रखे 80 बोरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो गए।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल के करीब 10 फीट दूरी पर मकान भी मौजूद थे। यदि आग कुछ दूरी आगे लगती, तो आसपास की बस्ती भी इसकी चपेट में आ सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने जले हुए तेंदूपत्तों पर पानी डालकर आग को पूरी तरह नियंत्रित किया, ताकि दोबारा आग न भड़क सके।

फिलहाल घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।