कवर्धा/कांकेर: छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में तेंदूपत्ता परिवहन कर रहे ट्रकों में भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। कवर्धा और कांकेर में हुए इन हादसों में लाखों रुपये का तेंदूपत्ता और दोनों ट्रक जलकर पूरी तरह खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दोनों घटनाओं के वीडियो भी सामने आए हैं।
कवर्धा में बिजली तार की चपेट में आया ट्रक
कवर्धा जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। नगर पंचायत बोड़ला के दैहान के पास तेंदूपत्ता से भरा एक आईसर ट्रक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार से टकराते ही तेज स्पार्किंग हुई और कुछ ही देर में ट्रक आग की लपटों में घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक में भरा पूरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक भोंदा कला से तेंदूपत्ता लेकर बोड़ला गोदाम की ओर जा रहा था।
ड्राइवर और कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान
घटना के दौरान ड्राइवर और कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर बोड़ला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कांकेर में भी तेंदूपत्ता से भरे ट्रक में लगी आग
वहीं दूसरी घटना कांकेर जिले में सामने आई, जहां तेंदूपत्ता से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का तेंदूपत्ता और ट्रक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक में रखा तेंदूपत्ता सोनपुर समिति का था। वाहन कोयलीबेड़ा मार्ग से नारायणपुर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कोयलीबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल दोनों मामलों में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।





