September 6, 2026

Vijay Divorce Case: थलपति विजय की पत्नी संगीता ने वापस ली तलाक की अर्जी, कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुईं पेश

तमिलनाडु। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने चेंगलपट्टू कोर्ट में दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। शुक्रवार को संगीता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट की कार्यवाही में शामिल हुईं और अपनी याचिका वापस ले ली।

फरवरी में दायर की थी तलाक की अर्जी

संगीता ने इस साल फरवरी में चेंगलपट्टू कोर्ट में विजय से तलाक लेने के लिए याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने विवाह समाप्त करने की मांग की थी। मामले की सुनवाई कई बार टल चुकी थी।

15 जून को हुई पिछली कार्यवाही के दौरान संगीता ने याचिका वापस लेने की इच्छा जताई थी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुई थीं। इससे पहले भी सुनवाई स्थगित हो चुकी थी, क्योंकि विजय और संगीता दोनों कोर्ट में मौजूद नहीं थे और उनकी ओर से वकीलों ने पैरवी की थी।

संगीता ने लगाए थे गंभीर आरोप

तलाक की अर्जी में संगीता ने आरोप लगाया था कि वर्ष 2021 में उन्हें जानकारी मिली कि विजय कथित तौर पर एक अभिनेत्री के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल रिलेशनशिप में थे। उनका दावा था कि उन्हें कई बार भरोसा दिलाया गया कि यह रिश्ता खत्म हो जाएगा, लेकिन कथित तौर पर ऐसा नहीं हुआ।

संगीता ने दावा किया था कि अभिनेत्री के साथ विजय की सोशल मीडिया पोस्ट के चलते उन्हें और उनके बच्चों को मानसिक परेशानी और सार्वजनिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा।

परिवार से दूरी और आर्थिक सहयोग नहीं देने का आरोप

याचिका में संगीता ने यह भी आरोप लगाया था कि विजय धीरे-धीरे परिवार से दूर हो गए और उन्होंने भावनात्मक, शारीरिक तथा आर्थिक सहयोग देना बंद कर दिया।

उन्होंने आर्थिक पाबंदियों का भी आरोप लगाया था। संगीता के मुताबिक, कानूनी नोटिस और निजी मुलाकातों के जरिए वैवाहिक विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन ये प्रयास सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत तलाक की याचिका दायर की थी।

अब वापस ली याचिका

हालांकि, शुक्रवार को संगीता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश होकर अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली। याचिका वापस लिए जाने के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया समाप्त हो गई है।