पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित प्रसिद्ध परमेश्वरी धाम मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर नगदी और भगवान के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, चोरी से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए और दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा मंदिर में स्थापित भगवान की प्रतिमाओं पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह पुजारी और श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर के ताले और दानपेटी टूटी हुई देखकर चोरी की जानकारी सामने आई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि चोरी हुए आभूषणों और दानपेटी में रखी नकदी को मिलाकर लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
परमेश्वरी धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर में हुई चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।





