March 4, 2026

रायगढ़ में डीजल चोरों से ढाबा संचालक की भावुक अपील, बोला– मांग बताओ, मंथली दूंगा लेकिन ढाबा मत निशाना बनाओ

रायगढ़:
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक अनोखा और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां लगातार हो रही डीजल चोरी से परेशान एक ढाबा संचालक ने चोरों से वीडियो के जरिए अपील कर डाली। संचालक ने कहा है कि अगर चोरों की कोई मांग है तो वह पूरी करने को तैयार है या फिर मंथली देने की भी कोशिश करेगा, लेकिन उसके ढाबे और वहां खड़े वाहनों को निशाना न बनाया जाए। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।

हाईवे पर सक्रिय है डीजल चोर गिरोह

दरअसल रायगढ़ जिले में बीते कुछ वर्षों से नेशनल हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खासकर छाल, धरमजयगढ़ और खरसिया मार्ग पर डीजल चोर गिरोह सक्रिय बताया जा रहा है।

बीती रात भी धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के प्रेमनगर स्थित छपरा-बलिया फौजी ढाबा के सामने खड़े कई वाहनों को चोरों ने निशाना बनाया।

8 से 10 वाहनों से चोरी

एक वाहन चालक ने बताया कि वह रात करीब 2 बजे वाहन खड़ा कर सो गया था। सुबह उठने पर देखा कि टंकी से डीजल गायब था। इसके बाद उसने थाने में सूचना दी। जानकारी के मुताबिक एक ही रात में 8 से 10 वाहनों से डीजल चोरी की गई।

बार-बार शिकायत, फिर भी नहीं पकड़े गए चोर

ढाबा संचालक राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि इलाके में लंबे समय से डीजल चोर गिरोह सक्रिय है, जो रात के समय सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता है। इससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार वीडियो बनाकर प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

चोरों से सीधे अपील

लगातार नुकसान झेल रहे ढाबा संचालक ने आखिरकार चोरों से ही अपील कर दी। उन्होंने कहा,
“मेरा ढाबा मेरी रोजी-रोटी है। अगर आपकी कोई डिमांड है तो बताइए, पूरी करने की कोशिश करूंगा, मंथली भी दे दूंगा, लेकिन मेरे ढाबे और यहां खड़ी गाड़ियों को परेशान मत कीजिए।”

पुलिस और प्रशासन पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाईवे पर खुलेआम हो रही डीजल चोरी से वाहन चालकों और व्यापारियों में भारी नाराजगी है।

अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस गिरोह पर शिकंजा कसती है और हाईवे पर सुरक्षित माहौल बन पाता है या नहीं।