बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कक्षा दूसरी में पढ़ाई के दौरान छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन छात्र घायल हो गए। इनमें से दो बच्चों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना साजा विकासखंड के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की है। जानकारी के अनुसार, कक्षा दूसरी में बच्चे अध्ययन कर रहे थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखम्हारिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो छात्रों को जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि भवन लंबे समय से खस्ताहाल है और नए भवन के निर्माण की मांग कई बार की गई, लेकिन विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले स्कूल जतन योजना के तहत भवन की छत की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन प्लास्टर एक साल भी नहीं टिक पाया। हादसे के बाद मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जल्द से जल्द नए स्कूल भवन का निर्माण कराने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।





