July 30, 2026

कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में फिर हादसा, मेंटेनेंस के दौरान 3 कर्मचारी झुलसे

मुंगेली। जिले के सरगांव क्षेत्र स्थित रामबोड़ के कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में एक बार फिर औद्योगिक दुर्घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुए हादसे में तीन कर्मचारी आंशिक रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्लांट में कीलन डिस्चार्ज गेट जाम हो जाने के कारण उसका मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान गेट अचानक खुल गया और भीतर मौजूद गर्म स्पंज आयरन तेज गति से बाहर निकल आया। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी घायल हो गए।

घायलों की पहचान अमित कुमार (जिला औरंगाबाद, बिहार), योगेश मीणा (जिला होशंगाबाद, मध्य प्रदेश) और अमरेश दत्ता (जिला बालेश्वर, ओडिशा) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने एम्बुलेंस की मदद से सभी को अपोलो अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसे अमित कुमार को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने बताया कि घायलों के इलाज और आवश्यक सहायता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासनिक टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जाएगी।

गौरतलब है कि रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट इससे पहले जनवरी 2025 में हुए बड़े औद्योगिक हादसे के कारण भी चर्चा में रहा था। उस दौरान प्लांट परिसर में एक साइलो ढहने से कई श्रमिक मलबे में दब गए थे। लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी और मामले में प्लांट प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी।

I prefer this response