तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में लिंक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक रेलवे विभाग का नियमित कर्मचारी और दूसरा ठेके पर कार्य करने वाला युवक शामिल है। यह हादसा बैकुंठ पुलिया के ऊपर डाउन मिडिल लाइन के पास हुआ।
मृतकों की पहचान रेलवे कर्मी लाला राम बंजारे (55 वर्ष) और रेलवे से जुड़े कार्यों में संलग्न ठेकाकर्मी मोहन लाल साहू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही लिंक एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौत मौके पर ही हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। तिल्दा पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और पंचनामा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या तकनीकी चूक शामिल थी।





