रायपुर। राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस बार छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर उनके 22 साल के राजनीतिक जीवन के दौरान की गई विदेश यात्राओं का लेखा-जोखा साझा करते हुए सवाल उठाए हैं।
क्या है मामला ?
भाजपा लंबे समय से राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाती रही है। इसी क्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया है कि राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक करियर में कई बार विदेश यात्राएं की हैं, जिनमें भारी खर्च होने की बात सामने आती है।
इससे पहले नई दिल्ली में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने लोकसभा में राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और उनके कथित खर्च को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने करीब 54 विदेश यात्राएं की हैं, जिनमें इटली, अमेरिका, जर्मनी, वियतनाम, सिंगापुर, यूएई और अन्य देशों की यात्राएं शामिल हैं।
भाजपा सांसद ने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी की आय और उनकी कथित विदेश यात्रा खर्च के बीच बड़ा अंतर है। उनके अनुसार, 2013-14 से 2022-23 तक राहुल गांधी की घोषित आय करीब 11 करोड़ रुपये रही है, जबकि उनकी विदेश यात्राओं पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया गया है।
फंडिंग को लेकर उठे सवाल
भाजपा नेताओं ने सवाल उठाया है कि यदि आय 11 करोड़ रुपये है तो विदेश यात्राओं पर 60 करोड़ रुपये के खर्च का स्रोत क्या है। साथ ही यह भी कहा गया कि कुछ यात्राओं की जानकारी सार्वजनिक नहीं है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
फिलहाल इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और मामला एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है।





