गौरेला। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू अपने गौरेला प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने असम की राजनीति, हालिया चुनाव और विकास कार्यों को लेकर बड़ा बयान दिया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में असम में अभूतपूर्व बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि एक समय राज्य बम और हिंसा की घटनाओं के लिए जाना जाता था, लेकिन अब वहां शांति, समृद्धि और विकास का माहौल है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का समर्थन इस बात का प्रमाण है कि सरकार के कार्यों से लोग संतुष्ट हैं।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तोखन साहू ने कहा कि केवल राजनीतिक आरोप लगाने से कुछ साबित नहीं होता। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) इस बार भी बहुमत के साथ सरकार बनाएगा और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पिछली बार से अधिक सीटें जीतेगी।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़ी रेलवे समस्याओं को लेकर केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा। पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
ज्ञापन में पेंड्रारोड-अमरकंटक-जबलपुर और पेंड्रारोड-मंडला-सिवनी रेल लाइन निर्माण, फुट ओवरब्रिज (FOB), प्रमुख ट्रेनों के ठहराव, नई MEMU ट्रेन संचालन और रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की मांग शामिल है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।





