May 19, 2026

Train Cancelled: रायगढ़-बिलासपुर MEMU 12 अप्रैल तक रद्द, गोंडवाना एक्सप्रेस भी प्रभावित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों के चलते रायगढ़-बिलासपुर MEMU ट्रेन को 12 अप्रैल तक रद्द कर दिया है। इस निर्णय से स्थानीय यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन निर्माण और बिलासपुर-चांपा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कनेक्टिविटी कार्य के कारण यह निर्णय लिया गया है। यह कार्य 31 मार्च से 12 अप्रैल तक चलेगा।

इस दौरान रायगढ़-बिलासपुर MEMU ट्रेन पूरी तरह रद्द रहेगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

वहीं गोंदिया से झारसुगुड़ा तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को बिलासपुर स्टेशन तक ही संचालित किया जाएगा। झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन 11 अप्रैल तक रद्द रहेगी।

गोंडवाना एक्सप्रेस भी रद्द
गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में बदलने का कार्य किया जाएगा। इसके चलते कई तारीखों में गोंडवाना एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।

रेलवे के अनुसार:

  • गाड़ी संख्या 12410 हजरत निजामुद्दीन–रायगढ़ गोंडवाना एक्सप्रेस 2, 4, 6, 7, 8, 9, 11, 13, 14, 15, 16, 18, 20, 21 और 22 अप्रैल को रद्द रहेगी।
  • गाड़ी संख्या 12409 रायगढ़–हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस 4, 6, 8, 9, 10, 11, 13, 15, 16, 17, 18, 20, 22, 23 और 24 अप्रैल को रद्द रहेगी।

यात्रियों को सलाह:
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।