ट्रेन से गिरकर यात्री की मौत
राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने के कारण एक वृद्ध यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। जीआरपी चौकी से मिली जानकारी के अनुसार 13 मार्च को ट्रेन नंबर 12810 हावड़ा–मुंबई मेल एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में गेट के पास बैठा लगभग 70 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति राजनांदगांव स्टेशन पहुंचने के दौरान अचानक नीचे गिर गया। हादसे में उसका दाहिना हाथ कोहनी के पास से कट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। रेलवे पुलिस ने उसे तत्काल बाहर निकालकर एंबुलेंस से जीएमसी अस्पताल पेंड्री पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शव को अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है और परिजनों की तलाश की जा रही है।
बस की चपेट में आकर चालक की मौत
राजनांदगांव। गंज चौक में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बस चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खड़ी बस के पहियों के आगे रखा पत्थर अचानक टूट गया, जिससे बस आगे बढ़कर दीवार से टकरा गई। उसी दौरान बस के सामने खड़े चालक भागीरथी साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम सिंघोला बस और दीवार के बीच फंस गए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज आवाज में डीजे बजाने वाले के खिलाफ कार्रवाई
राजनांदगांव। देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर बसंतपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आर.के. नगर चौक स्थित एक शादी समारोह में निर्धारित समय के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संचालक आकाश साहू (21 वर्ष) निवासी बसंतपुर से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे। वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने 2 साउंड बॉक्स और 2 डीजे प्लेयर जब्त कर कोलाहल अधिनियम की धारा 15 और 16 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।





