May 19, 2026

जेडी वेंस अमेरिका के अगले राष्ट्रपति बन सकते हैं? ईरान को अपशब्द बोलकर अपनों के बीच फंसे ट्रम्प

वॉशिंगटन, 06 अप्रैल 2026। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट में तीखी भाषा का प्रयोग किया, जिससे अमेरिका में राजनीतिक विवाद पैदा हो गया है। ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोलने की चेतावनी देते हुए लिखा कि 48 घंटे बाद ईरान पर “नरक टूट पड़ेगा।”

उनके इस पोस्ट में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति के खिलाफ 25वें संशोधन लागू करने की मांग तेज कर दी। इस संशोधन के तहत राष्ट्रपति को असमर्थ या योग्य न होने की स्थिति में पद से हटाया जा सकता है और उपराष्ट्रपति उनकी जगह कार्यभार संभाल सकते हैं।

कम से कम पांच अमेरिकी सांसदों ने ट्रंप को हटाने की मांग की है। कांग्रेस सदस्य यास्मीन अंसारी ने कहा कि “राष्ट्रपति ट्रंप पागल हो चुके हैं और पूरी दुनिया खतरे में है। अब इस प्रस्ताव को लाने का सही समय है।” सीनेटर क्रिस मर्फी ने भी कहा कि अगर वह ट्रंप के कैबिनेट का हिस्सा होते, तो 25वें संशोधन को लागू करने के लिए वकीलों से बात करते।

इस विवाद ने अमेरिकी राजनीति में तनाव बढ़ा दिया है और राष्ट्रपति ट्रंप की पदस्थिति को लेकर गंभीर चर्चा को जन्म दिया है।