पत्रकार को कहा ‘बेईमान’, तीखी बहस के बाद उतारा माइक्रोफोन
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक टीवी इंटरव्यू के दौरान सवाल पूछे जाने पर नाराज हो गए और बीच में ही इंटरव्यू छोड़कर चले गए। कैलिफोर्निया में चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर सबूत मांगे जाने पर ट्रंप और एंकर के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद ट्रंप ने पत्रकार को ‘बेईमान’ बताते हुए इंटरव्यू समाप्त कर दिया।
‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में हुआ विवाद
रविवार, 7 जून को ट्रंप एक मीडिया चैनल के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ में शामिल हुए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कैलिफोर्निया में वोटों की गिनती में देरी को लेकर चुनावी धांधली का आरोप लगाया।
ट्रंप ने कहा कि कई दिन बीत जाने के बाद भी चुनावी नतीजे घोषित नहीं किए गए हैं, जो संदेह पैदा करता है।
एंकर ने मांगा सबूत
कार्यक्रम की एंकर क्रिस्टन वेल्कर ने ट्रंप के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कैलिफोर्निया में देर से वोटों की गिनती होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके बाद उन्होंने ट्रंप से पूछा कि क्या उनके पास चुनावी धांधली के आरोपों को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत है।
ट्रंप ने मीडिया पर साधा निशाना
सबूत मांगने पर ट्रंप नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि वह काफी समय से इंटरव्यू दे रहे हैं और मीडिया को अपनी कार्यशैली सुधारने की जरूरत है।
ट्रंप ने कहा, “तुम्हें अपने प्रेस को सुधारना चाहिए। कोई भी देश बेईमान प्रेस के साथ महान नहीं बन सकता।”
इंटरव्यू छोड़ते समय कही यह बात
बहस बढ़ने के बाद ट्रंप ने माइक्रोफोन हटाया और इंटरव्यू समाप्त करने की घोषणा कर दी। जाते-जाते उन्होंने एंकर से कहा, “चलो, अब यहीं खत्म करते हैं। मेरा बस हो गया है। शुक्रिया, डार्लिंग।”
वीडियो चर्चा में
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ट्रंप के समर्थक और आलोचक दोनों इस घटना पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। चुनावी धांधली के आरोपों और मीडिया के साथ ट्रंप के टकराव को लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है।





