July 30, 2026

रायगढ़: ‘अभियान संवेदना’ के तहत दो दुष्कर्म मामलों में कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। महिला एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘अभियान संवेदना’ के तहत दो अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म के आरोप सामने आए हैं। महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

शादी का झांसा देकर करता रहा शारीरिक शोषण

पहले मामले में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के पिता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार ढिमरापुर निवासी विकास नामदेव (25) का उनके परिवार में आना-जाना था। आरोपी और उसके परिजनों ने बालिग होने पर नाबालिग से विवाह कराने का भरोसा दिलाया था।

आरोप है कि मार्च 2024 में विकास नामदेव नाबालिग को अपने घर ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।

पीड़िता द्वारा घटना की जानकारी परिवार को देने के बाद महिला थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल फोन जब्त किया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

नाबालिग को घर ले जाकर दुष्कर्म का आरोप

दूसरा मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार 2 जून की रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। देर रात जब महिला की नींद खुली तो उसकी बेटी घर में नहीं मिली।

अगले दिन सुबह बालिका अभिनेश चौहान के घर पर मिली। पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी उसे जबरन अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।

परिजनों की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अभिनेश चौहान (26) को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे भी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।