कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम कोटपाड में एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम बुधवार को गांव के नाले में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे नाले के गहरे गड्ढे में चले गए और पानी में डूब गए। देर शाम तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश अभियान चलाया। रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बताया जा रहा है कि ऋषभ पोयाम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जबकि साजन पोयाम की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का इकलौता बेटा था। साजन की मां पूर्णिमा पोयाम कोटपाड क्षेत्र की जनपद सदस्य हैं।
एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





