July 23, 2026

जगदलपुर केंद्रीय जेल में 5 दिनों में दूसरी मौत, महिला बंदी के बाद अब कैदी की इलाज के दौरान मौत

जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर केंद्रीय जेल में बीते पांच दिनों के भीतर दूसरी मौत का मामला सामने आने से जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार तड़के एक महिला बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना के बाद अब नक्सल मामले में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुंजम के रूप में हुई है, जो बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर का निवासी था। वह नक्सल मामलों में जेल में बंद था और नवंबर 2025 में उसे दंतेवाड़ा जेल से जगदलपुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था।

बताया जा रहा है कि 4 तारीख को जेल परिसर के बाथरूम में गिरने से उसे गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इससे पहले रविवार तड़के ही केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी ने चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार दो घटनाओं ने जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और मौत के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।