बेमेतरा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में जमीन विवाद को लेकर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। बेमेतरा जिले में एक ग्रामीण की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि सूरजपुर जिले में बड़े भाई ने जमीन विवाद के चलते अपने छोटे भाई की जान ले ली। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेमेतरा में ग्रामीण की हत्या, आरोपी फरार
बेमेतरा जिले के मुरकुटा गांव में रहने वाले विद्यासागर नवरंग का गांव के ही गैदलाल नवरंग के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह विद्यासागर घर से निकला था, तभी आरोपी गैदलाल ने उस पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विद्यासागर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलने पर नवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
सूरजपुर में बड़े भाई ने छोटे भाई की ली जान
दूसरी घटना सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र के करकोटी गांव की है। यहां दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में छोटे भाई के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही झिलमिली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस कर रही जांच
दोनों घटनाओं में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों वारदातों के पीछे जमीन विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।





