रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सियासत तेज हो गई है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के रुख पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जहां राष्ट्रीयता और समाजहित की बात आती है, वहां कांग्रेस विरोध करने लगती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आदिवासी समाज को UCC से दूर रखा जाएगा, इसके बावजूद आदिवासियों को भड़काने की कोशिश की जा रही है, जो सफल नहीं होगी।
कांग्रेस पहले आत्मावलोकन करे- केदार कश्यप
मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस की ओर से बस्तर में आदिवासियों के साथ आंदोलन की तैयारी को लेकर कहा कि कांग्रेस को पहले आत्मावलोकन करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के पुराने दौरों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर आदिवासी हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने पहले भी बस्तर को लेकर बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उनकी सरकार के दौरान कई योजनाएं बंद हुईं। कश्यप ने दावा किया कि आज बस्तर नक्सलवाद से बाहर निकल रहा है, लेकिन कांग्रेस को यह बदलाव रास नहीं आ रहा है।
29 सीटों पर फोकस को लेकर भी साधा निशाना
कांग्रेस के 29 विधानसभा सीटों पर फोकस करने के सवाल पर केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों के मन में पीड़ा पैदा कर उन्हें भड़काने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह सफल नहीं होगी।
महतारी वंदन योजना पर कांग्रेस को घेरा
महतारी वंदन योजना में करीब डेढ़ लाख महिलाओं के नाम कटने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण ऐसा हुआ है और इसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को राखी से पहले ही योजना की राशि दी है, जिससे कांग्रेस परेशान है।
कश्यप ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कंप्यूटर की खराबी सुधारी जा सकती है, लेकिन कांग्रेस की मानसिकता नहीं।
वंदे मातरम् को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
कर्नाटक में वंदे मातरम् के दो अंतरे गाने की घोषणा को लेकर केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता इस मुद्दे पर स्पष्ट दिखाई देती है और यही नीति आज भी जारी है।
यूथ कांग्रेस चुनाव में खर्च को लेकर लगाए आरोप
यूथ कांग्रेस के चुनाव में खर्च को लेकर मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में पार्षद और विधायक के टिकट से लेकर संगठन के पदों तक पैसों का लेन-देन होता है। उन्होंने दावा किया कि अब संगठन के पदों के लिए भी बोली लगाई जा रही है।
दिसंबर तक हो सकती है वनरक्षक भर्ती परीक्षा
वन विभाग में वनरक्षकों की भर्ती को लेकर मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि लिखित परीक्षा व्यापमं के माध्यम से कराने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक परीक्षा आयोजित होने की संभावना है। इसमें करीब 16 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नेपाल में फंसे लोगों के लिए हेल्पलाइन
नेपाल में बाढ़ की स्थिति को लेकर राज्य सरकार द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। मंत्री केदार कश्यप ने इसे बड़ी प्राकृतिक त्रासदी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हेल्पलाइन शुरू की है, ताकि नेपाल में फंसे लोगों और उनके परिजनों को मदद मिल सके।





