रायपुर: मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों का असर अब राज्य के दूरस्थ इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीति आयोग द्वारा जारी आकांक्षी ब्लॉकों की ‘चैंपियंस ऑफ द क्वार्टर’ (अक्टूबर-दिसंबर 2025) रिपोर्ट में उसूर ब्लॉक ने सेंट्रल जोन में पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसूर ब्लॉक, बीजापुर जिले के नागरिकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उसूर ब्लॉक का राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना राज्य सरकार के सुशासन और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के सुदूर गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और कठिन परिस्थितियों में उसूर ब्लॉक ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय मितानिन बहनों, एएनएम, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समर्पण को दिया।
मंत्री केदार कश्यप ने जताई खुशी
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री Kedar Kashyap ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में उसूर ब्लॉक की यह सफलता प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अब प्रदेश के अंतिम छोर तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं।
कश्यप ने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से दूर माना जाने वाला उसूर ब्लॉक अब देश के लिए विकास का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय डॉक्टरों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिन बहनों की मेहनत को दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन
नीति आयोग ने स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया था, जिसमें उसूर ब्लॉक ने शानदार प्रदर्शन किया।
- मलेरिया, डेंगी और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी अभियान चलाए गए।
- संस्थागत प्रसव में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई।
- बच्चों और गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण के साथ एचपीवी टीकाकरण को भी सफलतापूर्वक लागू किया गया।
- बीपी, शुगर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की मुफ्त जांच और उपचार सुविधाएं गांवों तक पहुंचाई गईं।
अब देश में पहला स्थान हासिल करने का लक्ष्य
कलेक्टर विश्वदीप और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन का लक्ष्य आगामी तिमाहियों में देशभर में पहला स्थान हासिल करना है, जिसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने का काम तेज कर दिया गया है।





