कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने राज्य शासन के निर्देशों के परिपालन में जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाली समय-सीमा की बैठक अब सोमवार को आयोजित की जाएगी।
सोमवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी मंगलवार और बुधवार को मुख्यालय में रहकर शासकीय कार्यों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें।
कंडम वाहनों की नीलामी व खंडहर भवन तोड़ने के निर्देश
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कंडम वाहनों को आरटीओ के माध्यम से नीलाम कराने तथा खंडहर हो चुके शासकीय भवनों को विधिवत अनुमति लेकर ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही शत-प्रतिशत छोटे बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने पर विशेष जोर दिया।
योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में पीएम सूर्य घर निःशुल्क बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक प्रकरण बनाने, ई-ऑफिस के माध्यम से शासकीय कार्यों के संपादन, शेष विद्युत देयकों का मार्च तक भुगतान करने तथा सभी स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निराकृत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, जिला अधिकारी एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।




