September 4, 2026

वंदे मातरम् पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, भूपेश बघेल और अजय चंद्राकर आमने-सामने

रायपुर। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर हमलावर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आजादी से पहले वंदे मातरम् को लेकर सवाल उठाए, तो भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े किए और बघेल को खुली बहस की चुनौती दी।

भूपेश बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि आजादी से पहले वंदे मातरम् गाने पर लोगों को गोली मारी जाती थी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में भाजपा के लोग अंग्रेजों के लिए मुखबिरी करते थे।

बघेल ने भाजपा से सवाल किया कि आजादी से पहले उसके किसी नेता ने वंदे मातरम् गाया था या स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लिया था? उन्होंने यह भी पूछा कि भाजपा या आरएसएस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् कब गाया जाता था।

बघेल ने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशनों में वंदे मातरम् गाया जाता रहा है और कांग्रेस ने ही इसे राष्ट्रगीत के रूप में स्वीकार किया था। उन्होंने दावा किया कि वंदे मातरम् के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाठियां और गोलियां खाईं।

अजय चंद्राकर ने किया पलटवार

भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को कांग्रेस के वंदे मातरम् को लेकर रहे पुराने दृष्टिकोण की जानकारी नहीं है।

चंद्राकर ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के सभी अधिवेशनों में पूरा वंदे मातरम् गाया जाता था? उन्होंने दावा किया कि 1940 में कांग्रेस के अधिवेशन में वंदे मातरम् गाने पर प्रतिबंध लगाया गया था।

नेहरू पर भी साधा निशाना

अजय चंद्राकर ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस ने वंदे मातरम् को स्वतंत्रता का मंत्र बताते हुए इसे गाने की बात कही थी, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने इसे स्वीकार नहीं किया।

कांग्रेस को खुली बहस की चुनौती

अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की वंदे मातरम् को लेकर भूमिका पर सवाल उठाते हुए खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों से कटकर अप्रासंगिक हो गई है और उसके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है।

चंद्राकर ने भूपेश बघेल की टिप्पणी पर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे मानसिक विचलन करार दिया और कहा कि पूरी कांग्रेस का यही हाल है।