भोपाल। ‘नारी शक्ति वंदन’ मुद्दे को लेकर देशभर में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच बीजेपी नेत्री और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री Vasundhara Raje के नाम से जारी एक कथित फर्जी पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बीजेपी के मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल अब “फेक न्यूज का अड्डा” बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक पत्र को आधिकारिक प्लेटफॉर्म से साझा करना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच को दर्शाता है।
आशीष अग्रवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भ्रम फैलाने के लिए कांग्रेस अब भाजपा नेताओं के नाम से “कूट-रचित पत्र” तैयार कर रही है। उन्होंने इसे न सिर्फ राजनीतिक षड्यंत्र बताया, बल्कि महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ “कुत्सित मानसिकता की पराकाष्ठा” करार दिया।

बीजेपी ने कांग्रेस से इस मामले में तत्काल फर्जी पोस्ट हटाने, बिना शर्त माफी मांगने और सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल इस मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह मुद्दा तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है।





