रायपुर। ग्रामीण परिवारों को आजीविका और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 1 जुलाई से VB-G RAM G योजना लागू की जाएगी। योजना के प्रति जागरूकता और समर्थन के लिए छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी के ग्रामीणों ने मानव श्रृंखला बनाकर अपना समर्थन जताया।
ग्रामीणों की इस पहल की केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से आई यह तस्वीर उत्साह और आत्मविश्वास से भर देने वाली है।
केंद्रीय मंत्री ने लिखा कि यह तस्वीर गांवों में जाग रहे आत्मविश्वास और सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है। जब पूरा गांव किसी संकल्प के साथ एकजुट होकर खड़ा होता है तो वह एक जन-आंदोलन का रूप ले लेता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत – जी राम जी योजना भी ग्रामीण भारत की तकदीर बदलने का एक बड़ा अभियान है।
उन्होंने ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी के ग्रामीणों के उत्साह को नमन करते हुए लोगों से 1 जुलाई से शुरू होने वाली VB-G RAM G योजना से जुड़ने और आत्मनिर्भर तथा विकसित गांवों के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन और समग्र विकास को बढ़ावा देना है, ताकि गांवों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।





