रायपुर। प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार 1 जुलाई 2026 से वीबी जीरामजी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना लागू करने जा रही है। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला स्तर पर प्रशिक्षण, बैठकें और ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में योजना को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

सांकरा और देवरी में बनी मानव श्रृंखला
बेमेतरा जिले के बेरला जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने योजना के प्रचार-प्रसार के लिए मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता अभियान चलाया। ग्रामीणों ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की सराहना
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर बेमेतरा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी इस प्रयास को जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण कहा है।
पात्र परिवारों तक पहुंचाई जाएगी योजना की जानकारी
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है। ग्रामीणों ने भी अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने का संकल्प लिया।
30 जून तक पूरा होगा प्रशिक्षण
विभागीय कार्ययोजना के अनुसार 30 जून तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
प्रचार-प्रसार में जुटा प्रशासन
योजना के प्रचार के लिए ग्राम सभाएं, चौपाल, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और सामाजिक संगठन भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने लाइव आकर दी जानकारी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जीरामजी योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए।
प्रदेश सरकार को उम्मीद है कि 1 जुलाई से योजना लागू होने के बाद लाखों ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिलेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।





