March 3, 2026

VBGRAMJI योजना को लेकर छत्तीसगढ़ में जन-जागरूकता अभियान, जनवरी भर होंगे सम्मेलन

रायपुर। केंद्र सरकार की वीबी जी राम जी योजना को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन ने पूरे प्रदेश में जन-जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत जनवरी माह में प्रदेशभर में विभिन्न स्तरों पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

इन सम्मेलनों में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश व राष्ट्रीय भाजपा नेता शामिल होंगे। सम्मेलन कहां और किस तिथि को होंगे, इसका अंतिम निर्णय 11 जनवरी को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में लिया जाएगा।

केंद्र सरकार ने मनरेगा के स्थान पर वीबी जी राम जी योजना की शुरुआत की है। इस योजना को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने देशभर में इस योजना को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है।
इस अभियान के प्रदेश संयोजक भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन बनाए गए हैं, साथ ही अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।


11 जनवरी को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला

प्रदेश स्तरीय कार्यशाला 11 जनवरी को सुबह 10 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में आयोजित होगी।
कार्यशाला में—

  • प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव
  • क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल
  • प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय

का मार्गदर्शन मिलेगा।

बताया गया है कि पवन साय फिलहाल पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं, जहां उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने 56 विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में वे कार्यशाला में ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।