रायपुर, 09 फरवरी 2026
शासन की महत्वाकांक्षी विकसित भारत जी राम जी (वीबी जी राम जी) योजना के अंतर्गत जिला दंतेवाड़ा की ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 07 तारीख को रोजगार दिवस, चावल उत्सव और आवास दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा जरूरतमंद परिवारों तक लाभ पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीण परिवारों तक रोजगार के अवसर
अधिकारियों ने बताया कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिनों का रोजगार दिया जाता था, जिसे अब वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत बढ़ाकर 125 दिनों तक कर दिया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक रोजगार के अवसर पहुंचाना है।
क्यूआर कोड से बढ़ी पारदर्शिता
कार्यक्रम में ग्रामीणों को क्यूआर कोड आधारित प्रणाली की जानकारी दी गई। अब जॉब कार्ड और मस्टर रोल का मिलान क्यूआर कोड स्कैन कर किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और गड़बड़ी की संभावना कम हुई है।
आवास निर्माण के लिए तकनीकी मार्गदर्शन
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राहियों के नामों का वाचन किया गया। साथ ही किश्तों, मजदूरी भुगतान, निर्माण सामग्री और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण के लिए तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया।
आधुनिक तकनीक से निगरानी
रोजगार दिवस के अवसर पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल आधारित निगरानी प्रणाली और नागरिक सहभागिता जैसे उपायों की जानकारी दी गई, जिससे उपस्थिति सत्यापन, भुगतान प्रक्रिया और कार्यों की निगरानी अधिक पारदर्शी बन सके।
डबरी निर्माण से आजीविका संवर्धन
ग्रामीणों को आजीविका डबरी निर्माण के बारे में भी बताया गया, जिससे मत्स्य पालन और अन्य गतिविधियों के माध्यम से आय बढ़ाई जा सके। अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे हर माह 07 तारीख को आयोजित रोजगार दिवस, चावल उत्सव और आवास दिवस में भाग लेकर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें।





