September 4, 2026

Vice President CG Visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर आएंगे, AIIMS के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज, 2 सितंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वे AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

उपराष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे AIIMS परिसर पहुंचेंगे।

सुबह 11 बजे से AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को उपाधि वितरण किया जाएगा।

दोपहर 12:30 बजे एयरपोर्ट के लिए होंगे रवाना

दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति करीब 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।

ये हस्तियां भी रहेंगी मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, AIIMS अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, AIIMS गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक और AIIMS भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी समारोह में शामिल होंगे।

सरोना रिंग रोड से टाटीबंध तक सुरक्षा चाक-चौबंद

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। VIP मूवमेंट के चलते AIIMS के कुछ गेटों पर आम नागरिकों की आवाजाही भी प्रभावित रहेगी।

नियमित OPD में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को गेट नंबर-1 से आवाजाही करनी होगी। मरीज और उनके परिजन गेट नंबर-3 से भी OPD के लिए आ-जा सकेंगे। वहीं ट्रॉमा और इमरजेंसी के लिए गेट नंबर-2 का उपयोग पहले की तरह जारी रहेगा।

रजिस्ट्रेशन काउंटर तक पहुंचने के लिए मरीजों को कुछ दूरी पैदल भी चलना पड़ सकता है। गेट नंबर-4 और गेट नंबर-5 को 2 सितंबर की सुबह से VIP मूवमेंट के चलते आम नागरिकों के लिए बंद रखा जाएगा।