रायपुर। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बुधवार को राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। वे AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। वहीं सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रायपुर पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जानिए उपराष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे AIIMS रायपुर पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे से तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह के बाद दोपहर 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
एयरपोर्ट से AIIMS तक सुरक्षा का कड़ा इंतजाम
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रायपुर पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एयरपोर्ट से AIIMS तक के पूरे रूट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर रिहर्सल एवं मॉकड्रिल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मुख्य सचिव ने ली थी तैयारियों की समीक्षा
दौरे से पहले सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और प्रोटोकॉल समेत तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा चुकी है। मुख्य सचिव विकास शील ने मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया था। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए थे।





