September 6, 2026

छत्तीसगढ़ में सांसद बनाम अफसर विवाद गहराया, विजय बघेल ने भी विशेषाधिकार हनन की शिकायत की

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सांसदों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच टकराव का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी दो नगर निगम आयुक्तों के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश का राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है।

दो नगर निगम आयुक्तों पर शिकायत

सांसद विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडेय और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डीएस राजपूत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है।

सांसद का आरोप है कि दोनों अधिकारी न केवल उनके फोन का जवाब नहीं देते थे, बल्कि जनहित से जुड़े मामलों में अपेक्षित सहयोग और आवश्यक जानकारी देने से भी बचते थे।

लोकसभा सचिवालय ने मांगा जवाब

शिकायत के बाद लोकसभा सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य शासन और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या जवाब देते हैं।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव आईएएस अमित कटारिया पर फोन पर आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगाते हुए लोकसभा अध्यक्ष से विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी। उस मामले में भी लोकसभा सचिवालय जानकारी जुटा रहा है।

भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना

सांसद और अधिकारियों के बीच विवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ की कमान दिल्ली और नागपुर के हाथ में है। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार संसदीय मर्यादा के खिलाफ है और उन मतदाताओं का भी अपमान है जिन्होंने उन्हें चुनकर संसद भेजा है।”

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि इस तरह के विवादों का समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो यह प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव को और बढ़ा सकता है।