May 18, 2026

मनरेगा पर सियासत तेज : डिप्टी सीएम विजय शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले—VB-G RAM G में आजीविका का नया प्रावधान

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक तरफ कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विधानसभा का घेराव किया, वहीं दूसरी ओर राज्य के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस केवल महात्मा गांधी के नाम पर राजनीति करती है और गांधी के नाम का इस्तेमाल कर एक परिवार राज करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांधी के विचारों और उनके बताए रास्ते पर काम कर रही है, इसलिए VB-G RAM G योजना लाई गई है। यह किसी पुराने कानून को खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि उसमें और अधिक प्रावधान जोड़ने के लिए है।

मनरेगा और VB-G RAM G में बताया अंतर

डिप्टी सीएम ने कहा कि मनरेगा में दो प्रमुख प्रावधान थे—रोजगार और अधोसंरचना निर्माण। जबकि VB-G RAM G में तीन प्रावधान शामिल किए गए हैं—रोजगार, अधोसंरचना निर्माण और आजीविका।

उन्होंने कहा कि आजीविका पर काम करना आज के समय में देश की जरूरत है। मनरेगा के सभी प्रावधानों को बनाए रखते हुए इसमें एक नया प्रावधान जोड़ा गया है, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

विधानसभा में भी उठा मुद्दा

गौरतलब है कि कांग्रेस ने विधानसभा में मनरेगा को लेकर स्थगन प्रस्ताव पेश किया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके विरोध में कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है और रोजगार के अवसर भी कम किए जा रहे हैं।