Bastar | 26 मार्च 2026
बस्तर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने बुधवार को बस्तर से दंतेवाड़ा, बारसूर और माडुम घाटी होते हुए सड़क मार्ग से सफर करते हुए रात करीब 9 बजे सातधार स्थित CRPF कैंप पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
यह वही इलाका है, जो कभी नक्सल गतिविधियों के कारण अत्यंत संवेदनशील और जोखिम भरा माना जाता था। ऐसे क्षेत्र में गृहमंत्री का सड़क मार्ग से दौरा करना सुरक्षा हालात में सुधार और सरकार के बढ़ते आत्मविश्वास को दर्शाता है।
पहली बार गृहमंत्री का ऐसा दौरा
बताया जा रहा है कि राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है, जब कोई गृहमंत्री इस तरह सड़क मार्ग से इन दुर्गम और पूर्व नक्सल प्रभावित इलाकों से होते हुए सातधार कैंप तक पहुंचे हैं।
शांति और विकास का संकेत
गृहमंत्री विजय शर्मा के इस दौरे को बस्तर में शांति और विकास की दिशा में अहम संकेत माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी इस यात्रा को लेकर उत्साह देखा गया और इसे सामान्य हालात की वापसी के रूप में देखा जा रहा है।





