May 18, 2026

पापाराव के सरेंडर से नक्सलवाद खत्म करने का दावा तेज, गृहमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान

जगदलपुर रवाना, बड़े सरेंडर की तैयारी

डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर के लिए रवाना हुए, जहां उनके सामने कुख्यात नक्सली लीडर पापाराव अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण करेगा। रवानगी से पहले उन्होंने कहा कि पापाराव 8 एके-47 और अन्य हथियारों के साथ समाज के सामने सरेंडर करेगा। इस दौरान वे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

31 मार्च तक नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

गृहमंत्री ने दोहराया कि 31 मार्च तक पूरे छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अब केवल 30-35 छिटपुट नक्सली ही बचे हैं, जिनका भी जल्द पुनर्वास किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 31 मार्च के बाद भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जाएगी।

बड़े नक्सली नेताओं पर नजर

विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल लीडर गणपति की वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है, जबकि एक अन्य नक्सली मिशीर अब भी सक्रिय है। उन्होंने संकेत दिया कि इन बचे हुए नक्सलियों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा।

धर्मांतरण पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र

धर्मांतरण के मुद्दे पर गृहमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का हालिया आदेश महत्वपूर्ण है, हालांकि यह प्रक्रिया पहले से लागू है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति धर्म परिवर्तन करता है, तो उसे अनुसूचित जाति के लाभ नहीं मिलते। उन्होंने इसे सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण विषय बताया।

समाज में बढ़ते विभाजन पर चिंता

उन्होंने कहा कि गांवों में धर्मांतरण के कारण सामाजिक विभाजन बढ़ा है। माओवाद जहां वर्ग संघर्ष खड़ा करना चाहता था, वहीं धर्मांतरण के कारण समाज में वैसा ही तनाव पैदा हो रहा है। आदिवासी समाज के एक बड़े वर्ग द्वारा डीलिस्टिंग की मांग को भी उन्होंने उल्लेखित किया।

अफीम की खेती पर सख्त रुख

अवैध अफीम खेती के मामले में गृहमंत्री ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि यह कब से और कैसे चल रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि राज्य में व्यक्ति का नहीं, बल्कि कानून का राज चलता है।

कई जिलों में कार्रवाई, गैंग पर नजर

उन्होंने बताया कि दुर्ग के अलावा बलरामपुर और रायगढ़ में भी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टरों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यदि इस अवैध कारोबार के पीछे कोई संगठित गिरोह पाया जाता है, तो उसे पूरी तरह समाप्त किया जाएगा।