रायपुर। युवाओं के प्रदर्शन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी मांग रखने और प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और हिंसा की स्थिति बनना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार हर लोकतांत्रिक मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ चर्चा के लिए तैयार है।
विजय शर्मा ने कहा कि युवाओं की मांग के बाद शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जब कोई विषय उठता है तो सरकार उस पर संवेदनशीलता से विचार करती है। राहुल गांधी ने भी इस्तीफे और सदन में चर्चा की बात कही है, लेकिन विजय शर्मा के मुताबिक सरकार चर्चा के लिए तैयार होने के बावजूद सदन को चलने नहीं दिया जाता।
‘प्रदर्शन में गोली चलने की बात साबित करके दिखाएं’
विजय शर्मा ने राहुल गांधी के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें प्रदर्शन के दौरान गोली चलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि अब यह नया दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान गोली चली है। यदि ऐसा हुआ है तो इसे प्रमाण के साथ साबित किया जाना चाहिए।
डिप्टी सीएम ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी देश का माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के बीच अराजकता और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
झारखंड के युवा प्रदर्शन पर भी उठाया सवाल
विजय शर्मा ने झारखंड में चल रहे युवा प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि झारखंड में भी युवा अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इस मुद्दे पर राहुल गांधी कुछ क्यों नहीं बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में गठबंधन समर्थित सरकार है, ऐसे में राहुल गांधी वहां के प्रदर्शन को लेकर चुप क्यों हैं, इसका जवाब उन्हें देना चाहिए।
‘सदन में चर्चा होगी तो राहुल गांधी भागें नहीं’
डिप्टी सीएम ने कहा कि जब इस मुद्दे पर सदन में चर्चा होगी तो राहुल गांधी को सदन में मौजूद रहना चाहिए और चर्चा से भागना नहीं चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष कई बार सदन से नदारद हो जाता है।
विजय शर्मा ने कहा कि इस बार विपक्ष को सदन से गायब नहीं होना चाहिए। सरकार इस मुद्दे पर अपना जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को सदन में मौजूद रहकर चर्चा का सामना करना चाहिए।





