July 29, 2026

डिप्टी CM विजय शर्मा बने ‘पीड़ित’, खुद कॉल कर परखी डायल 112 की व्यवस्था

रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ में डायल 112 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली और रिस्पांस टाइम को परखने के लिए खुद पीड़ित बनकर इसका परीक्षण किया। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर सड़क दुर्घटना की सूचना दी और मौके पर सहायता भेजने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, विजय शर्मा ने बेमेतरा थाना क्षेत्र के पास एक्सीडेंट होने की सूचना देते हुए डायल 112 को कॉल किया। शिकायत दर्ज होने के कुछ ही देर बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने स्वयं वाहन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहन में उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं, लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस, रिस्पांस सिस्टम और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से सेवा संचालन को लेकर चर्चा भी की।

बता दें कि 18 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य में डायल 112 सेवा के लिए 400 से अधिक अत्याधुनिक वाहनों का शुभारंभ किया था। यह सेवा 24 घंटे संचालित होगी। इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी और स्वचालित कॉलर लोकेशन पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

राज्य के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। नागरिक वॉयस कॉल, एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।