Raipur News Update : रायपुर। कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी पोस्टर को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में होने के कारण भाजपा घमंड और मुगालते में है।
विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर टिप्पणी कर रही है, जबकि उसका खुद का प्रशिक्षण धर्म और राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने का है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों को गुमराह करने और मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
दरअसल, भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्टर साझा करते हुए दावा किया था कि कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में “ढाई साल का झांसा देकर धोखा देना” सिखाया जाएगा। इसी पोस्टर को लेकर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
साय कैबिनेट की बैठक पर भी उठाए सवाल
साय कैबिनेट की बैठक को लेकर भी विकास उपाध्याय ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समय पर जरूरी फैसले नहीं ले रही है। मानसून के दौरान किसानों को मिलने वाली सहायता और कृषि संबंधी तैयारियों पर अभी तक स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि यूरिया खाद की समस्या से किसान परेशान हैं और आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उनके मुताबिक सरकार की कैबिनेट बैठकों से ऐसे कोई बड़े फैसले सामने नहीं आ रहे हैं, जिनसे आम लोगों को राहत मिल सके।
काला दिवस को लेकर भी साधा निशाना
25 जून को भाजपा द्वारा प्रस्तावित काला दिवस कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा पिछले 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में है, लेकिन रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करने से बचती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय भाजपा राजनीतिक मुद्दों को उछालने में व्यस्त है।





